खेरागढ़ के शिक्षक अशोक कुमार का नवाचार 'कौन बनेगा चैंपियन' राज्य स्तरीय आइडिया बैंक के लिए चयनित

पत्रकार सुमित गर्ग,

खेरागढ़ (आगरा)। विकास खंड खेरागढ़ के उच्च प्राथमिक विद्यालय भाकर कंपोजिट के सहायक अध्यापक अशोक कुमार का शैक्षिक नवाचार 'कौन बनेगा चैंपियन' उत्तर प्रदेश राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), लखनऊ के राज्य स्तरीय आइडिया बैंक के लिए चयनित हुआ है। यह उपलब्धि आगरा जनपद के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है।

SCERT द्वारा शिक्षकों और प्रवक्ताओं के नवाचारों एवं उत्कृष्ट शैक्षिक प्रयोगों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित आइडिया बैंक पोर्टल पर प्राप्त प्रविष्टियों की स्क्रीनिंग के बाद अशोक कुमार के नवाचार का चयन किया गया। परिषद का उद्देश्य ऐसे नवाचारों को प्रभावी मंच उपलब्ध कराना और उन्हें अन्य राज्यों व शैक्षिक हितधारकों के साथ साझा कर विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण-अधिगम को बढ़ावा देना है।

चयनित नवाचारों की विषय-वस्तु, प्रस्तुतीकरण और वीडियो सामग्री के परिष्करण के लिए 27 से 31 जुलाई 2026 तक SCERT मुख्यालय, लखनऊ में पांच दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें चयनित शिक्षक विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में अपने नवाचारों को और अधिक प्रभावी एवं उपयोगी स्वरूप देंगे।

अशोक कुमार के नवाचार के चयन पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों, सहकर्मी शिक्षकों तथा क्षेत्र के शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे आगरा जनपद के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।