नहर के पानी में तैरते दिखा एक अज्ञात व्यक्ति का शव,जाली सफाई कर्मचारी ने शव को देख थाना को दी सूचना।

वाल्मीकि नगर से अभिमन्यु कुमार गुप्ता की रिपोर्ट।भारत-नेपाल सीमा पर स्थित गंडक बराज के जीरो आर डी से निकले सहायक मुख्य तिरहुत नहर में मंगलवार की सुबह छःआर डी पुल के निकट हाइडल पावर हाउस के नहर के जाली में फंसा एक अज्ञात व्यक्ति का शव जाली पर काम करने वाले सफाई कर्मियों के द्वारा देखा गया।प्राप्त सूचना के अनुसार सुबह जाली पर काम करने वाले लोगों ने जब जाली की सफाई शुरू की तभी एक अज्ञात शव जाली में फंसा दिखा।जिसकी सूचना सफाई कर्मियों द्वारा वाल्मीकि नगर थाना को दी गई। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए वाल्मीकि नगर थाने के एस आई नेहा कुमारी के नेतृत्व में पुलिस बल घटना स्थल पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से शव को नहर के पानी से बाहर निकाला गया।शव की पहचान के लिए वाल्मीकि नगर सहित पड़ोसी देश नेपाल के एपीएफ और नेपाल पुलिस को सूचना दी गई।सूचना पर एपीएफ के इंस्पेक्टर मंगल सिंह धामी और नेपाल पुलिस के प्रहरी एस पी हरिजन द्वारा घटना स्थल पर पहुंच कर शव की शिनाख्त करने का प्रयास किया गया। परंतु शव की शिनाख्त नहीं हो सकी।शव की पहचान के लिए नजदीकी सभी क्षेत्रों में फोटो भेजा गया है।इस बाबत जानकारी देते हुए वाल्मीकि नगर थाना के इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेज दिया गया है।साथ ही बताया कि शव को शिनाख्त के लिए दो दिनों तक रखा जाएगा।किसी परिजन के द्वारा शव का दावा करने पर जांचोपरांत शव को सौप दिया जाएगा।इस अवसर पर थाने के पुलिस अवर निरीक्षक मनोज कुमार सिंह,एएसआई नवलेश कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस बल मौजूद रहे।