सड़क सुरक्षा सप्ताह: मुरादाबाद रोडवेज में नुक्कड़ नाटक के जरिए दिया सुरक्षित यातायात का संदेश

मुरादाबाद। सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत मंगलवार को मुरादाबाद परिवहन विभाग द्वारा मुरादाबाद रोडवेज बस स्टेशन परिसर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से चालक, परिचालकों और यात्रियों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में अधिकारियों ने चालक-परिचालकों से यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, सीट बेल्ट का प्रयोग करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

इस जागरूकता कार्यक्रम में एआरएम (फाइनेंस) नवीन कुमार गुप्ता, एआरएम मुरादाबाद राजवती, एआरएम पीतल नगरी प्रेम सिंह, सीनियर फोरमैन गजेंद्र सिंह तथा बस स्टेशन प्रभारी के.पी. सिंह सहित परिवहन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

परिवहन विभाग का उद्देश्य ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और सुरक्षित यातायात की संस्कृति को बढ़ावा देना है।