हरदोई में किशोर गुटखा फैक्ट्री पर सीजीएसटी का छापा, कई घंटों तक अभिलेख खंगालती रही टीम, मचा हड़कंप

हरदोई। शहर के औद्योगिक क्षेत्र स्थित अवस्थी जर्दा समूह की किशोर गुटखा फैक्ट्री पर रविवार को केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) विभाग की टीम ने छापेमारी की। लखनऊ से पहुंची अधिकारियों की टीम ने फैक्ट्री परिसर में कई घंटों तक दस्तावेजों, वित्तीय अभिलेखों और अन्य रिकॉर्ड की गहन जांच की। कार्रवाई के चलते पूरे औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप का माहौल बना रहा।
छापेमारी के दौरान फैक्ट्री के मुख्य द्वार पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई की सूचना मिलते ही फैक्ट्री के पिछले हिस्से से बड़ी संख्या में कर्मचारी बाहर निकल गए, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। कुछ लोगों के घायल होने की भी चर्चा रही, हालांकि इसकी किसी अधिकारी ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
बताया जा रहा है कि सीजीएसटी अधिकारियों ने फैक्ट्री से जुड़े वित्तीय लेनदेन, कर अभिलेखों और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। हालांकि विभाग की ओर से कार्रवाई के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं, फैक्ट्री प्रबंधन ने भी इस संबंध में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
गौरतलब है कि अवस्थी जर्दा समूह की इस फैक्ट्री पर पूर्व में भी आयकर विभाग समेत अन्य केंद्रीय एजेंसियों द्वारा छापेमारी की कार्रवाई की जा चुकी है। ऐसे में एक बार फिर केंद्रीय एजेंसी की मौजूदगी से व्यापारिक और औद्योगिक क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
फिलहाल सीजीएसटी विभाग की जांच जारी है। विभाग की आधिकारिक रिपोर्ट या बयान आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कार्रवाई किन कारणों से की गई और जांच में क्या तथ्य सामने आए हैं।