हरदोई में मंत्री नितिन अग्रवाल की टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुतला दहन को लेकर पुलिस से नोकझोंक, सैकड़ों कार्यकर्ता हिरासत में

हरदोई। आबकारी मंत्री एवं सदर विधायक नितिन अग्रवाल द्वारा कांग्रेस के अस्तित्व को लेकर की गई टिप्पणी के विरोध में रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी और शहर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया गया। कचहरी परिसर से शुरू हुआ विरोध मार्च सिनेमा चौराहे तक पहुंचा, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री का पुतला दहन करने का प्रयास किया।
पुलिस ने पहले से ही भारी सुरक्षा व्यवस्था कर रखी थी। पुतला दहन रोकने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक, धक्का-मुक्की और पुतले को लेकर छीना-झपटी हुई। कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। कार्यकर्ता लगातार सरकार और मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम पांडेय, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम दीक्षित समेत सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर शहर कोतवाली भेज दिया। गिरफ्तारी के दौरान भी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन जारी रखा।
प्रदर्शन से पहले जिला कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम पांडेय ने कहा था कि मंत्री की टिप्पणी कांग्रेस के इतिहास और करोड़ों कार्यकर्ताओं का अपमान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश की सबसे पुरानी लोकतांत्रिक पार्टी है, जिसने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर राष्ट्र निर्माण तक महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ऐसे बयानों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा।
प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहन सिंह, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष हसन अहमद, जिला उपाध्यक्ष आफताब हैदर, गोपाल पांडेय, रामबाबू गौतम, ज्ञानू पाल, मंजूलता मित्र, तुषार दीक्षित, असद सिद्दीकी, एजाज अहमद उर्फ बबन, राजन सक्सेना सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।