"एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत चेयरमैन सुधीर गर्ग ने किया वृक्षारोपण

सुमित गर्ग खेरागढ़ संवाददाता,

खेरागढ़। पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी के "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत रविवार को नगर पंचायत खेरागढ़ के अध्यक्ष सुधीर गर्ग 'गुड्डू' के निर्देशन में श्री पूरनचंद्र रमेशचन्द्र सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भाजपा के जिलाउपाध्यक्ष राजकुमार कुशवाहा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान चेयरमैन सुधीर गर्ग, जिलाउपाध्यक्ष राजकुमार कुशवाहा तथा भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे प्रकृति की अमूल्य धरोहर हैं और प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने आमजन से भी अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाने की अपील की।

वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। पौधे लगाने के साथ-साथ उनका संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, स्वस्थ और हरित वातावरण मिल सके।

इस अवसर पर जिलाउपाध्यक्ष राजकुमार कुशवाहा, भानुप्रताप दीक्षित, जितेंद्र राजपूत, डंबर सिंह, धर्मेंद्र वैष्णव, विजय ओझा, अभिषेक पचौरी, प्रभात जिंदल सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।