विधवा आदिवासी महिला के साथ सनसनीखेज वारदात, लूट के बाद कथित सामूहिक दुष्कर्म; एसपी बोले- 24 घंटे में आरोपी होंगे गिरफ्तार

हरीश सोनी

आलीराजपुर।जिले के उदयगढ़ ब्लॉक के बोरी थाना क्षेत्र में एक विधवा आदिवासी महिला के साथ हुई कथित लूट, सामूहिक दुष्कर्म और अमानवीय हिंसा की घटना ने पूरे जिले को झकझोर दिया है। वारदात के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। गंभीर रूप से घायल पीड़िता कोप्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है।
घर में घुसकर लूटपाट, फिर कथित दुष्कर्म
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात 8 से 10 हथियारबंद बदमाश महिला के घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए। आरोप है कि बदमाशों ने महिला को बंधक बनाकर घर में चांदी की तलाश की। महिला ने अपने पास रखी करीब एक किलो चांदी उन्हें सौंप दी, लेकिन आरोपी अधिक चांदी की मांग करते रहे। इसके बाद उन्होंने पूरे घर की तलाशी ली और कई स्थानों पर खुदाई भी की।
पीड़िता के आरोपों के अनुसार, लूटपाट के बाद तीन आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया तथा अमानवीय हिंसा की। गंभीर हालत में महिला को पहले बोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे इंदौर रेफर कर दिया गया।
चिकित्सकीय जांच में गंभीर चोटों की पुष्टि
प्रारंभिक चिकित्सकीय जांच में पीड़िता के निजी अंगों में गंभीर चोटें पाए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस के अनुसार पीड़िता ने अपने बयान में आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उसके साथ अमानवीय कृत्य किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
एसपी पहुंचे घटनास्थल, 24 घंटे में गिरफ्तारी का दावा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह घटनास्थल पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण कर जांच की। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध लूट, डकैती, सामूहिक दुष्कर्म सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। एसपी रघुवंश सिंह ने दावा किया कि पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
महेश पटेल ने सरकार पर साधा निशाना
आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने इसे मानवता को शर्मसार करने वाली घटना बताते हुए सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, पीड़िता को बेहतर उपचार, सुरक्षा तथा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र न्याय नहीं मिला तो परिषद पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव करेगी तथा 23 जुलाई को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के चंद्रशेखर आजाद नगर दौरे के दौरान लोकतांत्रिक विरोध दर्ज कराया जाएगा।
कांग्रेस ने बनाई पांच सदस्यीय जांच समिति
घटना को गंभीरता से लेते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर पांच सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है। समिति में पूर्व गृह मंत्री बाला बच्चन, पूर्व मंत्री विजयलक्ष्मी साधौ, विक्रांत भूरिया, विधायक झूमा सोलंकी तथा विधायक सेना महेश पटेल शामिल हैं। समिति घटनास्थल का दौरा कर पीड़ित परिवार, ग्रामीणों और प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा करेगी तथा अपनी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को सौंपेगी।
कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बोरी थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि हाल के महीनों में हत्या, चोरी, पत्थरबाजी और अपहरण जैसी घटनाओं के कारण क्षेत्र में भय का माहौल है। इस बीच पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है।