वन कर्मी और ग्रामीणों के बीच झड़प मामले में 7 नामजद और लगभग 150 अज्ञात लोगों के विरुद्ध वन भूमि अतिक्रमण मामले को लेकर थाने में एफआईआर दर्ज

वाल्मीकि नगर से अभिमन्यु कुमार गुप्ता की रिपोर्ट।वीटीआर वन प्रमंडल दो के वाल्मीकि नगर वन क्षेत्र के ठाड़ी धनहिया गांव में गुरुवार को ग्रामीणों और वन विभाग के बीच हुई हिंसक झडप, तोड़फोड़, वाहनों में आग लगाने, अतिक्रमण मुक्त करने गई वन कर्मियों की टीम के साथ हिंसक झड़प, सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में वाल्मीकि नगर वन क्षेत्र के वनपाल सूरज राम ने वाल्मीकि नगर थाने में आवेदन देकर सात नामजद और लगभग 150 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। बताते चलें,कि गुरुवार को वन प्रमंडल दो के सीएफ सत्यम कुमार एवं वाल्मीकि नगर वन क्षेत्र के रेंजर सत्यम कुमार के नेतृत्व में 8 रेंज के वनकर्मियों की टीम वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से गांव पहुंची थी। जहां सैकड़ो ग्रामीणों के द्वारा विरोध प्रदर्शन करते हुए जेसीबी मशीन वाहन में ग्रामीणों द्वारा आग लगा दी गई। पुलिस और एसएसबी के वरीय अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मामले को शांत किया गया। इस मामले में सात नामजद और 150 अज्ञात लोगों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में कांड दर्ज किया गया है। इस बाबत जानकारी देते हुए वाल्मीकि नगर थाने के इंस्पेक्टर सह थाना अध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि आवेदन के आलोक में प्राथमिकी संख्या 106/26 दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने नाम का खुलासा करने से परहेज़ किया। बताते चलें कि भूमिहीन ग्रामीणों के द्वारा वन भूमि को जोत आबाद करके खेती बारी की जाती है। जानकारों की माने तो अगर किसान वहां देखभाल करना छोड़ दें तो पड़ोसी देश नेपाल के अतिक्रमणकारियों के द्वारा भूमि के अतिक्रमण का प्रयास शुरू कर दिया जाएगा।