रोडवेज बस स्टैंड पर अग्निशमन विभाग ने कराई मॉक ड्रिल, कर्मचारियों को दिए सुरक्षा के गुर

मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पसिया के निर्देश पर बुधवार को रोडवेज बस स्टैंड, गलशहीद रामपुर रोड पर अग्निशमन विभाग की ओर से मॉक ड्रिल एवं इवैक्यूएशन ड्रिल का आयोजन किया गया। यह अभियान मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजीव कुमार पांडेय के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

मॉक ड्रिल के दौरान आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाकर कर्मचारियों को सुरक्षित निकासी, प्रारंभिक अग्निशमन और आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई का प्रशिक्षण दिया गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने आग लगने पर घबराने के बजाय निर्धारित सुरक्षा उपाय अपनाने और समय रहते लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की जानकारी दी।

परिवहन विभाग के सेवा प्रबंधक अनुराग यादव ने बताया कि अग्निशमन विभाग द्वारा सभी रोडवेज कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों और बचाव के तरीकों की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि इस तरह की मॉक ड्रिल आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने में बेहद उपयोगी साबित होती है।