हरदोई में महिला लेखपाल के एसडीएम शाहाबाद पर गंभीर आरोप, बोली- छेड़छाड़ व जातिसूचक टिप्पणी की, बुजुर्ग पिता को भी नहीं बख्शा, पुलिस से कार्रवाई की मांग

हरदोई। शाहाबाद तहसील में तैनात एक महिला लेखपाल ने एसडीएम शाहाबाद पर छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार, जातिसूचक टिप्पणी और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाते हुए कोतवाली शाहाबाद में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। मामले के सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में चर्चा तेज हो गई है।
शिकायत के अनुसार, महिला लेखपाल का आरोप है कि 6 जुलाई 2026 की शाम करीब 5:10 बजे उन्हें एसडीएम शाहाबाद सुशील कुमार मिश्रा ने अपने कार्यालय कक्ष में बुलाया। आरोप है कि बातचीत के दौरान उनकी जाति पूछी गई और इसके बाद कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से कार्य करने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उनके साथ छेड़छाड़, अशोभनीय हरकतें की गईं तथा न मानने पर निलंबित करने की धमकी दी गई।
महिला कर्मचारी का कहना है कि घटना से घबराकर उन्होंने अपने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद उनके पिता अधिवक्ता राकेश कुमार तथा अन्य अधिवक्ता मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान एसडीएम ने उनके पिता के साथ भी अभद्र व्यवहार किया और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए कार्यालय से बाहर निकलवा दिया।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया है कि उनका हाल ही में बिलग्राम तहसील से शाहाबाद स्थानांतरण हुआ था और तब से उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने तथा दोषी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
उधर, पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
समाचार लिखे जाने तक एसडीएम शाहाबाद की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।