मुरादाबाद से गुरुग्राम के लिए शुरू हुई नई वातानुकूलित बस सेवा, यात्रियों को मिलेगी आरामदायक और सीधी यात्रा की सुविधा

मुरादाबाद। मुरादाबाद और दिल्ली-एनसीआर के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए मुरादाबाद से गुरुग्राम के लिए नई वातानुकूलित (एसी) बस सेवा का शुभारंभ किया है। इस सेवा के शुरू होने से यात्रियों को अब कम समय में सुरक्षित, आरामदायक और सीधी यात्रा का बेहतर विकल्प मिलेगा।

क्षेत्रीय प्रबंधक अमरीन अख्तर सेवा प्रबंधक अनुराग यादव के निर्देशों के अनुपालन में मुरादाबाद डिपो की वातानुकूलित बस संख्या यूपी 78 एलटी 8565 का संचालन प्रतिदिन किया जाएगा। यह बस मुरादाबाद के पुराना बस स्टैंड (गांधीनगर) से प्रतिदिन सुबह 9:00 बजे गुरुग्राम के लिए रवाना होगी। बस लालकुआं, नोएडा सेक्टर-62, सीलमपुर, नई दिल्ली (सराय काले खां) और धौलाकुआं होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेगी।

वापसी में यही बस प्रतिदिन दोपहर 3:00 बजे गुरुग्राम से मुरादाबाद के लिए प्रस्थान करेगी। इससे नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, विद्यार्थियों तथा दिल्ली-एनसीआर आने-जाने वाले अन्य यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

निर्धारित किराया इस प्रकार है:

गुरुग्राम ₹442

धौलाकुआं ₹425

नई दिल्ली (सराय काले खां) ₹425

सीलमपुर ₹419

लालकुआं ₹335

नोएडा सेक्टर-62 ₹319

परिवहन निगम का कहना है कि यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नई एसी बस सेवा इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे मुरादाबाद और दिल्ली-एनसीआर के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को प्रतिदिन लाभ मिलेगा।