पटवारी कार्यालय में घुसकर सरकारी काम में बाधा, दस्तावेजों से छेड़छाड़ और मारपीट; चार आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा | 2 जुलाई।जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत किकिरदा स्थित पटवारी कार्यालय में घुसकर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, सरकारी दस्तावेजों से छेड़छाड़ करने तथा पटवारी के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 30 जून को पटवारी सत्येंद्र कुमार कंवर अपने कार्यालय में शासकीय कार्यों का संपादन कर रहे थे। इसी दौरान सदानंद जायसवाल (56 वर्ष), घनश्याम आदित्य (30 वर्ष), सोनू आदित्य (25 वर्ष) और मनोज देवांगन (39 वर्ष) जबरन कार्यालय में घुस आए। आरोप है कि चारों ने सरकारी दस्तावेजों से छेड़छाड़ की और विरोध करने पर पटवारी के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने शासकीय कार्य में भी बाधा उत्पन्न की।

घटना के बाद पटवारी की शिकायत पर बिर्रा थाना में अपराध क्रमांक 87/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 121, 115(2), 332(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को गुरुवार को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव एवं प्रधान आरक्षक विवेक सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने, सरकारी कर्मचारियों के साथ अभद्रता एवं मारपीट करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Citiupdate के लिए समीर खूंटे की रिपोर्ट...