श्रीगंगानगर में दर्दनाक रेल हादसा, गलत दिशा से ट्रेन में चढ़ते समय पैर फिसला, युवक की गर्दन हुई धड़ से अलग

श्रीगंगानगर जिले में सूरतगढ़-श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक पर आज एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहां जैतसर रेलवे स्टेशन पर एक युवक यात्री ट्रेन में चढ़ने के प्रयास के दौरान काल का ग्रास बन गया। ट्रेन की चपेट में आने से युवक की गर्दन धड़ से बिल्कुल अलग हो गई। इस खौफनाक मंजर को देखकर मौके पर मौजूद लोगों की रूह कांप गई और देखते ही देखते रेलवे स्टेशन पर आमजन की भारी भीड़ जमा हो गई।

रॉंग साइड से चढ़ने की कोशिश बनी काल....

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सूरतगढ़ से चलकर श्रीगंगानगर की ओर जाने वाली यात्री गाड़ी नंबर 54762 अपने निर्धारित समय पर जैतसर रेलवे स्टेशन पर पहुँच रही थी। इसी दौरान एक युवक जैतसर बस स्टैंड की तरफ से दौड़ता हुआ आया। ट्रेन को पकड़ने की जल्दबाजी में उसने प्लेटफॉर्म के बजाय रॉंग साइड (गलत दिशा) से ही चलती हुई गाड़ी में चढ़ने का प्रयास किया। ट्रेन की तेज रफ्तार और गलत दिशा से चढ़ने के कारण अचानक युवक का पैर पायदान से फिसल गया और वह सीधे लोहे के ट्रैक पर जा गिरा।

पहिए के नीचे आने से दो हिस्सों में बंटा शव....

पैर फिसलते ही युवक ट्रेन और ट्रैक के बीच में आ गया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता या उसे बचाने का प्रयास करता ट्रेन का भारी-भरकम व्हील (पहिया) उसके ऊपर से गुजर गया। पहिए की चपेट में आने से युवक की गर्दन कटकर धड़ से अलग हो गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि मृतक का सिर रेलवे ट्रैक के ठीक बीच में जा गिरा जबकि उसका धड़ ट्रैक के बाहर रेलवे लाइन के साथ जाकर चिपक गया। स्टेशन पर मौजूद यात्री इस खौफनाक हादसे को देखकर स्तब्ध रह गए।

2 बीजीएम ढाणी के गुरतेज सिंह के रूप में हुई पहचान....

घटना की सूचना मिलते ही जैतसर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और स्थिति को नियंत्रित किया। इस बीच हादसे की खबर फैलते ही मृतक के परिजन भी रोते-बिलखते मौके पर पहुँच गए। जैतसर पुलिस के अनुसार मृतक की शिनाख्त गुरतेज सिंह पुत्र अजायब सिंह के रूप में हुई है जो कि जैतसर क्षेत्र के ही गांव 2 बीजीएम ढाणी का निवासी था। युवक की मौत की खबर से उसके परिवार में कोहराम मच गया।

रेलवे पुलिस को सौंपी जांच....

चूंकि मामला रेलवे परिसर और ट्रैक से जुड़ा था इसलिए जैतसर पुलिस ने शुरुआती आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद मामले की कमान मौके पर पहुँची रेलवे पुलिस (जीआरपी) को सौंप दी। रेलवे पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर घटना के कारणों की विस्तृत छानबीन शुरू कर दी है।

हादसे के बाद हर कोई हकीकत और घटना के कारणों को जानने में लगा हुआ था।

कानूनी औपचारिकताओं के बाद पुलिस और जीआरपी (रेलवे पुलिस) ने मृतक के शव का पंचनामा करवा मृतक के परिजनों को सौंप दिया।और पुलिस आगे की कागजी कार्रवाई में जुटी है। इस हादसे ने एक बार फिर रेलवे नियमों की अनदेखी और चलती ट्रेन में गलत दिशा से चढ़ने के जानलेवा खतरों को उजागर किया है।