मुकेश राठौर ने श्रमदान कर पेश की जनसेवा की मिसाल, राहुल गांधी के प्रशिक्षण शिविर से कांग्रेस संगठन को मिलेगी नई दिशा

# राहुल गांधी देंगे संगठन मजबूती के मंत्र, रायपुर में 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन

# अभनपुर में मनरेगा मजदूरों के साथ श्रमदान कर दिया एकजुटता का संदेश, कोरबा शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर रहे मौजूद

रायपुर/अभनपुर।छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारियों को धार देने के उद्देश्य से 21 जून से 30 जून 2026 तक रायपुर के चांदी मोड़ स्थित अग्नियोटम अलका अवतार मंगल भवन में 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों के लिए आयोजित किया जा रहा है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी पत्र में सभी जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों को शिविर में अनिवार्य रूप से शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं। शिविर के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी एक दिन शामिल होकर संगठन को मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने तथा आगामी चुनावों की रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन देंगे।

इस प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, के.सी. वेणुगोपाल, एआईसीसी सचिव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, कांग्रेस विधायक दल के नेता एवं संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी भी सहभागिता करेंगे। वरिष्ठ नेताओं की कम से कम पांच दिनों की उपस्थिति अनिवार्य रखी गई है।

इसी क्रम में अभनपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने मनरेगा मजदूरों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर श्रमदान किया और श्रमिकों के सम्मान तथा जनहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का संदेश दिया। इस अवसर पर कोरबा जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) के अध्यक्ष मुकेश राठौर भी उपस्थित रहे और उन्होंने श्रमिकों के साथ श्रम कर संगठन की जनसेवा एवं सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कांग्रेस का मानना है कि नए जिला एवं शहर अध्यक्षों को पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक ढांचे, जनसंपर्क, बूथ प्रबंधन तथा चुनावी रणनीति का बेहतर प्रशिक्षण देकर संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। आगामी नगरीय निकाय, पंचायत एवं 2028 विधानसभा चुनाव को देखते हुए यह प्रशिक्षण शिविर कांग्रेस की चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।

सभी प्रतिभागियों को 21 जून दोपहर 12 बजे तक प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रशिक्षण की शुरुआत की जा सके। कांग्रेस नेतृत्व को विश्वास है कि यह शिविर संगठन में नई ऊर्जा का संचार करेगा और कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावी चुनौतियों के लिए तैयार करेगा।

Citiupdate के लिए रायपुर, अभनपुर से समीर खूंटे की रिपोर्ट...