जांजगीर-चांपा की जिला जेल में कैदी की मौत : दुष्कर्म के आरोपी ने फांसी लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस

जांजगीर 9 जुन । छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले की जिला जेल खोखरा में उस समय हड़कंप मच गया जब दुष्कर्म के एक आरोपी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस अधिकारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतक की पहचान दुवास केवट के रूप में हुई है, जिसे हाल ही में एक दुष्कर्म प्रकरण में गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेजा गया था।

मिली जानकारी के अनुसार बलौदा पुलिस ने दुवास केवट को सोमवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। न्यायालय के आदेश के बाद उसे जिला जेल खोखरा में दाखिल कराया गया था। जेल में दाखिले के बाद अब आरोपी द्वारा आत्मघाती कदम उठाए जाने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोपी ने जेल परिसर के भीतर स्थित बाथरूम में कपड़े का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। जब काफी देर तक उसकी गतिविधि नजर नहीं आई तो जेल कर्मियों ने तलाश की, जहां वह फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों और स्थानीय पुलिस को दी गई।

सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी जिला जेल पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और जेल प्रशासन यह जानने का प्रयास कर रहे हैं कि आरोपी ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों तथा घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।