नवलपरासी जिला में नए पुलिस अधीक्षक राम बहादुर के.सी ने संभाला कमान। 

वाल्मीकि नगर से अभिमन्यु कुमार गुप्ता की रिपोर्ट।पड़ोसी देश नेपाल के नवलपरासी जिला के नए पुलिस अधीक्षक के रूप में कमान संभाले रामबहादुर के सी ने सीमावर्ती क्षेत्र में अवैध आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने, चोरी तस्करी पर पूरी तरह से नियंत्रण करने के उद्येश्य से सीमा क्षेत्र में पुलिस गश्ती तथा निगरानी को सख्त करते हुए तस्करी के खिलाफ कड़ी मुहीम शुरू किया है।

जिला के अधीनस्थ पुलिस चौकियों का जमीनी निरीक्षण करने के बाद पुलिस कप्तान ने जानकारी दी कि जिला के शांति सुरक्षा को मजबूत करने और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए सभी अधीनस्थ पुलिस चौकियों को उच्च सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। कार्यस्थल पर तैनात पुलिस कर्मियों को तस्करी पर अंकुश लगाने तथा कार्य संपादन में किसी भी तरह का समझौता नही करने का सख्त निर्देश दिया है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्र में अतिरिक्त निगरानी बढ़ाकर चोरी तस्करी और राजस्व की चोरी को पूरी तरह से नियंत्रण करना हमारा मुख्य उद्देश्य है। अवैध धंधा करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से पेश आएगी। सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त बनाने के लिए सभी सीमा नाका, भीतरी सड़क और संभावित तस्करी के चिह्नित रास्तों पर विशेष चेकिंग तथा मोबाइल गश्ती बढ़ा दी गई है।

लुंबिनी प्रदेश पुलिस कार्यालय आर्थिक प्रशासन एवं प्रबंधन महाशखा से स्थानांतरित होकर आए एसपी के सी ने बताया कि खुली सीमा के कारण नवलपरासी जिला में नशीली दवाओं (ड्रग्स) का कारोबार और चोरी तस्करी बढ़ गयी है। इस पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को आम जनता के भी सहयोग की आवश्यकता है। आम जनता के सहयोग से नशीली दवाओं और चोरी तस्करी पर पूर्ण रूप से नियंत्रण करने का उनके द्वारा प्रयास किया जा रहा है।