बारुईपुर-डायमंड हार्बर रेल अवरोध से ठप हुईं ट्रेनें, 12 लोकल रद्द, हजारों यात्री परेशान

कोलकाता सियालदह मंडल के बारुईपुर?डायमंड हार्बर रेलखंड में मंगलवार सुबह महिला कोच के लिए अतिरिक्त स्थान आरक्षित किए जाने के विरोध में हुए रेल अवरोध के कारण उपनगरीय रेल सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो गईं। आंदोलनकारियों द्वारा विभिन्न स्टेशनों पर रेल पटरियों को अवरुद्ध किए जाने से हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और करीब 12 लोकल ट्रेनों को रद्द करना पड़ा।

रेलवे के अनुसार, हॉटर स्टेशन पर सुबह 8:20 बजे से 10:01 बजे तक, दक्षिण दुर्गापुर में 10:08 बजे से 10:22 बजे तक तथा कल्याणपुर में 10:30 बजे से 10:52 बजे तक रेल रोको आंदोलन किया गया। इससे पूरे खंड में ट्रेन परिचालन बाधित रहा।

सियालदह मंडल ने स्पष्ट किया कि ईएमयू लोकल ट्रेनों में महिला यात्रियों की सुविधा के लिए सामान्य कोच के अतिरिक्त केवल सीमित हिस्से को आरक्षित किया गया है। महिला यात्री कुल उपनगरीय यात्रियों का लगभग 25 प्रतिशत हैं और उनकी ओर से लंबे समय से अतिरिक्त स्थान की मांग की जा रही थी। रेलवे ने महिला कोचों की संख्या दो से बढ़ाकर तीन करने के साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए दो जोड़ी अतिरिक्त ट्रेनें भी शुरू की हैं।

रेल प्रशासन ने इस आंदोलन को अनुचित और निंदनीय बताते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में "रेल रोको" आंदोलन स्वीकार्य नहीं है। रेलवे ने चेतावनी दी कि रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 153, 154 और 174 के तहत रेल परिचालन बाधित करना दंडनीय अपराध है, जिसमें अधिकतम पांच वर्ष तक की सजा और जुर्माने का प्रावधान है।

रेलवे ने बताया कि दक्षिण सेक्शन में क्षमता बढ़ाने के लिए ऑटो-सिग्नलिंग और स्टेबलिंग यार्ड जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। इनके पूरा होने के बाद पीक आवर्स में अधिक ट्रेनों का संचालन संभव हो सकेगा। रेलवे ने सभी पक्षों से यात्रियों के हित में रेल सेवाओं के सुचारु संचालन में सहयोग करने की अपील की है।