अंतर्राष्ट्रीय समपार जागरूकता दिवस पर इज्जतनगर मंडल का विशेष अभियान, लोगों को सुरक्षित रेल पारगमन का दिया संदेश

अंतर्राष्ट्रीय समपार जागरूकता दिवस पर इज्जतनगर मंडल का विशेष अभियान, लोगों को सुरक्षित रेल पारगमन का दिया संदेश

बरेली। अंतर्राष्ट्रीय समपार जागरूकता दिवस के अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल द्वारा विभिन्न समपारों पर व्यापक संरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार की उपस्थिति में वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी डॉ. हरीश रेडतौलिया के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के तहत कारखाना गेट स्थित समपार संख्या 237/बी-1 सहित मंडल के कई समपारों पर जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं।

अभियान के दौरान पूर्वोत्तर रेलवे भारत स्काउट एवं गाइड के स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को रेल समपारों पर बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक किया। नागरिक सुरक्षा संगठन तथा रेलवे कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से समपार उपयोगकर्ताओं को पम्पलेट, हैंडबिल और वाहनों पर लगाए जाने वाले जागरूकता स्टिकर वितरित किए तथा सुरक्षित तरीके से समपार पार करने की जानकारी दी।

कार्यक्रम के अंतर्गत इंजीनियरिंग एवं परिचालन विभाग के गेटमैनों के लिए विशेष काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें रेल संरक्षा नियमों और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वहीं मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर पर्यवेक्षकों द्वारा संरक्षा श्रेणी के कर्मचारियों को सुरक्षित रेल संचालन से जुड़ी प्रक्रियाओं एवं नियमों से अवगत कराया गया।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने सड़क उपयोगकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि रेलवे ट्रैक पार करते समय केवल अधिकृत समपार, फुटओवर ब्रिज या अंडरपास का ही उपयोग करें। उन्होंने कहा कि जल्दबाजी में अनधिकृत स्थानों से रेलवे लाइन पार करना न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकता है।

उन्होंने लोगों से समपार पर तैनात गेटमैनों पर फाटक खोलने के लिए दबाव न बनाने और ट्रेन गुजरने के बाद ही सावधानीपूर्वक समपार पार करने का आग्रह किया। साथ ही यह भी कहा कि फाटक बंद होने की स्थिति में साइकिल या दोपहिया वाहन को बूम के नीचे से निकालने का प्रयास न करें। उन्होंने भावुक संदेश देते हुए कहा कि "हमेशा याद रखें कि आपके परिजन आपकी सुरक्षित घर वापसी की प्रतीक्षा कर रहे हैं।"

अभियान के दौरान बड़ी संख्या में लोगों को संरक्षा संबंधी साहित्य वितरित कर रेल समपारों पर सुरक्षित व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में मंडल के सभी शाखा अधिकारी एवं बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी उपस्थित रहे।