पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर रेलवे अलर्ट, अभ्यर्थियों और यात्रियों के लिए विशेष इंतजाम

बरेली। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के मद्देनजर पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा और यात्री सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के निर्देशन में बरेली सिटी, बदायूं, कासगंज, हाथरस सिटी, मथुरा, फर्रुखाबाद, कन्नौज और पीलीभीत समेत कई स्टेशनों पर विशेष व्यवस्थाएं लागू की गई हैं।

परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों तथा अन्य यात्रियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए स्टेशन परिसरों, प्लेटफार्मों, फुट ओवर ब्रिज और प्रवेश-निकास द्वारों पर आरपीएफ और जीआरपी के अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा निगरानी के लिए लगातार गश्त भी की जा रही है।

भीषण गर्मी को देखते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा अभ्यर्थियों और यात्रियों के लिए शीतल पेयजल एवं शरबत वितरण की व्यवस्था की गई है। वहीं यात्रियों की सहायता के लिए स्टेशनों पर अस्थायी "RPF May I Help You" बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां ट्रेन, प्लेटफार्म और यात्रा संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।

रेलवे प्रशासन ने महिला, वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांग यात्रियों को प्राथमिकता के आधार पर सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से सुरक्षा संबंधी संदेश और ट्रेनों के संचालन से जुड़ी सूचनाएं लगातार प्रसारित की जा रही हैं।

यात्रियों को जहरखुरानी, चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं से सतर्क रहने की सलाह देते हुए किसी भी प्रकार की सहायता के लिए रेलवे हेल्पलाइन 139 अथवा निकटतम आरपीएफ/जीआरपी कर्मी से संपर्क करने को कहा गया है।

रेलवे प्रशासन और आरपीएफ/जीआरपी के समन्वय से भर्ती परीक्षा अवधि के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और यात्री सुविधाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि अभ्यर्थियों और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।