पुलिस के खिलाफ कांग्रेस का धरना दूसरे दिन भी जारी, विधायक कुन्नर के पहुंचने से बढ़ी हलचल

श्रीगंगानगर जिले के भारत-पाक अंतर्राष्ट्रीय बॉर्डर क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली के खिलाफ कांग्रेस का अनिश्चितकालीन धरना आज दूसरे दिन भी जारी है। श्रीकरणपुर पुलिस थाना के समक्ष बैठे कार्यकर्ताओं ने अवैध मादक पदार्थों और अवैध शराब की ब्रांचों पर रोक लगाने की मांग दोहराई।

दूसरे दिन भी धरने पर डटे रहे कांग्रेस नेता....

धरने पर कांग्रेस कार्यकर्ता कुलदीप चोपडा, सतीश शर्मा, जगदीश इंदलिया, मंगत सिंह ग्रोवर, संतराम बाल्मीकि और ओम बिश्नोई बैठे है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि श्रीकरणपुर विधानसभा क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों का कारोबार बदस्तूर जारी है और अवैध शराब की बिक्री पर भी रोक नहीं लग पा रही है।

आज पहुंच सकते हैं विधायक रूपिन्द्र सिंह रूबी कुन्नर....

सूत्रों के अनुसार कुछ ही देर में श्रीकरणपुर विधायक एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष रूपिन्द्र सिंह रूबी कुन्नर धरना स्थल पर पहुंचेंगे। माना जा रहा है कि कुन्नर अवैध धंधों में पुलिस की संलिप्तता के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर सकते हैं। उनके साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के भी पहुंचने की संभावना है।

जिला प्रशासन से वार्ता की संभावना....

धरना स्थल पर जिले के आला अधिकारियों के भी वार्ता के लिए पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जब तक अवैध धंधे बंद नहीं होते और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती तब तक धरना जारी रहेगा।