खेरागढ़ में व्यापारी संवाद:जीएसटी 2.0 के नए नियमों पर चर्चा, व्यापारियों ने उठाई पेंशन और स्वास्थ्य लाभ की मांग

संवाददाता सुमित गर्ग खेरागढ़,

खेरागढ़। स्थानीय राधा पैलेस में राज्य कर विभाग (खंड-8) की ओर से आयोजित 'व्यापारी संवाद' कार्यक्रम में व्यापारियों को जीएसटी 2.0 के नए प्रावधानों और तकनीकी सुधारों की विस्तृत जानकारी दी गई।

जीएसटी डिप्टी कमिश्नर (खंड-8) अनुराग चौधरी ने उपस्थित व्यापारियों को ई-इन्वॉइसिंग, सुगम रिटर्न फाइलिंग और इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) के नवीनतम नियमों से अवगत कराया। वहीं डिप्टी कमिश्नर (खंड-14) राहुल कुमार द्विवेदी ने व्यापारियों को मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना की जानकारी देते हुए बताया कि पंजीकृत व्यापारियों को इसके तहत ₹10 लाख तक का बीमा कवर निःशुल्क मिलता है, जिसके लिए कोई प्रीमियम देय नहीं है।�

*उठी पेंशन और स्वास्थ्य लाभ की मांग*

संवाद सत्र के दौरान व्यापारियों ने जीएसटी से जुड़ी अपनी समस्याएं और जिज्ञासाएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। इसके साथ ही, कर जमा अनुपात के आधार पर पेंशन की सुविधा और सरकारी कर्मचारियों की तर्ज पर स्वास्थ्य लाभ उपलब्ध कराने की प्रमुख मांग भी उठाई गई। अधिकारियों ने मौके पर ही अधिकांश समस्याओं का समाधान किया तथा सभी को कर नियमों का ईमानदारी से पालन करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में व्यापार मंडल के संरक्षक सतीश गोयल, अध्यक्ष रामबाबू अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोपाल भाकरिया, महामंत्री संजय मित्तल, कोषाध्यक्ष नरेंद्र जिन्दल, अग्रवाल समाज के अध्यक्ष राजकुमार मंगल, अधिवक्ता मुन्ना लाल बंसल, मनीष बंसल, राहुल गोयल, धर्मेंद्र वर्मा, कृष्णा पंसारी और राम चरन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।