पीडीए पंचायत के जरिए गजेन्द्र यादव ने भरी चुनावी हुंकार, सहसवान में बढ़ी सियासी हलचल

पीडीए पंचायत के जरिए गजेन्द्र यादव ने भरी चुनावी हुंकार, सहसवान में बढ़ी सियासी हलचल

सहसवान (बदायूं)। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सहसवान विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज होती दिखाई दे रही हैं। इसी क्रम में वर्तमान जिला पंचायत सदस्य एवं समाजवादी पार्टी के संभावित दावेदार गजेन्द्र यादव एडवोकेट ने अपने पैतृक गांव रसूलपुर कलां में पीडीए पंचायत का आयोजन कर क्षेत्रीय जनता से समर्थन और सहयोग की अपील की।

कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने भाग लिया। पंचायत के दौरान सामाजिक एकता, संगठन की मजबूती और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने गजेन्द्र यादव का स्वागत करते हुए उन्हें अपना समर्थन देने का भरोसा भी जताया।

सभा को संबोधित करते हुए गजेन्द्र यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की नीतियों और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में विकास, सामाजिक न्याय और समान अवसरों की नई दिशा तय की जा सकती है। उन्होंने कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज की एकजुटता प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव ला सकती है।

उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं बल्कि क्षेत्र की समस्याओं को समझना और जनता की आवाज को मजबूती से उठाना है। इसी लक्ष्य के साथ वह लगातार गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता का आशीर्वाद मिला तो क्षेत्र के विकास और युवाओं के भविष्य को प्राथमिकता दी जाएगी।

पीडीए पंचायत के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं की मौजूदगी भी चर्चा का विषय रही। युवाओं ने संगठन की मजबूती और आगामी चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। वहीं बुजुर्गों ने गजेन्द्र यादव को आशीर्वाद देते हुए उनके राजनीतिक सफर के लिए शुभकामनाएं दीं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सहसवान विधानसभा क्षेत्र में गजेन्द्र यादव की लगातार बढ़ती सक्रियता और जनसंपर्क अभियान से स्थानीय राजनीति में नई हलचल पैदा हुई है। पीडीए पंचायत के माध्यम से उन्होंने संगठनात्मक मजबूती का संदेश देने के साथ-साथ आगामी चुनाव के लिए अपनी तैयारियों के संकेत भी दिए हैं।

कार्यक्रम के अंत में गजेन्द्र यादव ने कहा कि वह क्षेत्र के प्रत्येक गांव और प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर समाजवादी पार्टी की नीतियों और पीडीए की विचारधारा को पहुंचाने का कार्य करेंगे तथा जनता के सहयोग से 2027 के चुनाव में मजबूत भूमिका निभाएंगे