हरदोई में प्रधान सम्मान समारोह में बोले विधायक श्याम प्रकाश, चुनाव तिकड़म से जीता जाता है, विकास से नहीं

हरदोई। टड़ियावां ब्लॉक परिसर में प्रधानों के कार्यकाल बढ़ाए जाने के उपलक्ष्य में आयोजित सम्मान समारोह में गोपामऊ विधायक श्याम प्रकाश ने प्रधानों को संबोधित करते हुए चुनावी तैयारियों और सरकार के प्रति जिम्मेदारियों पर खुलकर अपनी बात रखी।
विधायक श्याम प्रकाश ने कहा कि अब अगले चुनाव की तैयारी करने का समय है। उन्होंने प्रधानों से कहा कि अगले चुनाव को जीतने के लिए अभी से रणनीति बनानी होगी। उन्होंने कहा, विकास से कोई वोट-ओट नहीं मिलते। हमने बहुत कराकर देख लिया। जिन-जिन गांवों की सड़कें बनवा दीं, उन गांवों के बूथों पर वोट ही नहीं निकलते। हम प्रैक्टिकल बात आपको बता रहे हैं। चुनाव तिकड़म से जीता जाता है, चुनाव विकास से नहीं जीता जाता है।
उन्होंने कहा कि अगले छह साल और एक महीने के दौरान जो भी तिकड़म करनी पड़े, उसकी तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि साम, दाम, दंड, भेद जो भी तिकड़म करना पड़े करिए, अगला चुनाव आपको जीतना है, उसकी तैयारी करिए।
विधायक ने कहा कि सरकार ने प्रधानों और विधायकों पर विश्वास जताते हुए उनके पक्ष में निर्णय लिया है। इसलिए प्रधानों की जिम्मेदारी है कि वे सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा को किसी भी तरह से ठेस न पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि यदि विश्वास टूट गया तो भविष्य में इसका असर पड़ सकता है।
अपने संबोधन में उन्होंने बाबा खड़ग सिंह और भिखारी की एक कहानी का उल्लेख करते हुए कहा कि विश्वास बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रधानों से कहा कि ऐसा कोई कार्य न करें जिससे सरकार और मुख्यमंत्री का प्रधानों पर से भरोसा उठ जाए। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने जो विश्वास दिखाया है, उस पर खरा उतरना सभी का दायित्व है।