कोरिया को मिली स्वास्थ्य सुविधाओं की बड़ी सौगात, नर्सिंग कॉलेज का भूमिपूजन और अटल आरोग्य लैब का लोकार्पण

बैकुंठपुर। कोरिया जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक रहा। जिला अस्पताल परिसर बैकुंठपुर में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने नवीन शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय का भूमिपूजन किया तथा अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस अटल आरोग्य लैब और नव निर्मित दवा वितरण कक्ष का लोकार्पण किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि लगभग 8.23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला नर्सिंग महाविद्यालय जिले के युवाओं को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा उपलब्ध कराएगा। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अन्य जिलों या राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में निर्माणाधीन जिला अस्पताल भवन के अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए 23.59 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि स्वीकृत की गई है। साथ ही घोषणा की कि नए जिला अस्पताल भवन का लोकार्पण 31 मई 2027 को किया जाएगा।

136 प्रकार की जांचें होंगी मुफ्त

स्वास्थ्य मंत्री ने अटल आरोग्य लैब को जिले की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यहां एक बार में लगभग 110 नमूनों की जांच की जा सकेगी। लैब में 136 प्रकार की जांचें पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध रहेंगी। इससे मरीजों को निजी लैबों में महंगी जांच कराने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को विशेष लाभ मिलेगा।

ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचेगी स्वास्थ्य सुविधा

मंत्री ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की दिशा में काम कर रही है, जिससे लोगों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी और जिला अस्पताल पर दबाव कम होगा। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग को भविष्य की आवश्यकता बताया।

भ्रष्टाचार पर सख्त रुख

स्वास्थ्य विभाग में पारदर्शिता पर जोर देते हुए मंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार या अनियमितता की शिकायत मिलने पर निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग में ऑनलाइन व्यवस्था को बढ़ावा देकर पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है।

डेंटल कॉलेज की उठी मांग

कार्यक्रम में बैकुंठपुर विधायक ने जिले में डेंटल कॉलेज की स्थापना की मांग रखी। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में निरंतर विस्तार आवश्यक है तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी दूर करने के लिए भी प्रयास किए जाने चाहिए।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष , उपाध्यक्ष , अपर कलेक्टर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।