कैंट में युवक की हत्या मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने तमंचा बरामद किया, तीन अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी

बरेली के कैंट थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते 25
वर्षीय युवक जयवीर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद किया गया है शनिवार रात करीब 10 बजे जयवीर पुत्र महिपाल गांव
मिर्जापुर में खाना खाने के बाद टहलने निकला था। सरकारी स्कूल के पास खेत पर पहुंचने पर गांव के ही
श्रवण उर्फ सरवन, प्रेमपाल, सुनील उर्फ बबलू, अंशु,
दीपक और पंकज ने उसे घेर लिया। पुरानी रंजिश के
चलते सभी ने मिलकर जयवीर के साथ मारपीट की।
मारपीट के दौरान श्रवण ने जयवीर की कनपटी पर
गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर
जमीन पर गिर पड़ा। गोली चलने और जयवीर की
चीखने की आवाज सुनकर ग्रामीण और परिजन मौके
पर पहुंचे। आरोपी शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। परिजनों ने घायल जयवीर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां आईसीयू में भर्ती कराया गया।रविवार दोपहर करीब 3 बजे इलाज के दौरान जयवीर की मृत्यु हो गई। मृतक की मां ने सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी। सोमवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी श्रवण उर्फ सरवनपुत्र स्वर्गीय तोताराम, अंशु और उसके भाई दीपक पुत्रगण स्वर्गीय मांगे लाल निवासीगण मिर्जापुर, थाना कैंट को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी के दौरान श्रवण के पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। कैंट इंस्पेक्टर संजय कुमार धीर ने बताया कि फरार वांछित आरोपियों प्रेमपाल, सुनील उर्फ बबलू और पंकज की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। बताया गया है कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।