हरदोई में अवैध शराब तस्करी का बड़ा खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, 4 कारों समेत भारी मात्रा में शराब बरामद, हरियाणा से ले जाकर बिहार में करते थे बिक्री

हरदोई। जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कछौना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान चार अर्टिगा कारें और नकदी भी बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, 23/24 मई 2026 की रात थाना कछौना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग ग्राम खजोहना में हरियाणा से शराब लेकर आए हैं और उसे कटियामऊ होते हुए हरदोई-लखनऊ मार्ग से बिहार ले जाने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने कटियामऊ-खजोहना मार्ग पर घेराबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू कर दी।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों जमीर पुत्र सगीर, अम्बार पुत्र मोहम्मद यूनुस और बबलू पुत्र इंद्रजीत, निवासी ग्राम खजोहना थाना कछौना को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उनके कुछ साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3276 पव्वे ऑल सीजन, 594 बोतल ऑल सीजन, 168 बोतल रॉयल स्टैग, 18,600 रुपये नकद और शराब ढोने में प्रयुक्त चार अर्टिगा कारें बरामद की हैं। मामले में आबकारी अधिनियम और बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि गिरोह हरियाणा से बिहार के मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर जिलों में शराब सप्लाई करता था। गिरोह का मुख्य सरगना हरियाणा के सोनीपत निवासी अमित उर्फ मीते बताया जा रहा है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।