विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026 : इज्जतनगर मंडल में प्लास्टिक न्यूनीकरण व पर्यावरण संरक्षण को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान

बरेली। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार तथा मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस-2026 अभियान के दसवें दिन पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक न्यूनीकरण एवं सतत पर्यावरणीय प्रथाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।अभियान के अंतर्गत लालकुआं, काठगोदाम, रुद्रपुर सिटी, बरेली सिटी, कासगंज, काशीपुर, हल्द्वानी, फर्रुखाबाद एवं पीलीभीत स्टेशनों सहित मंडल के विभिन्न रेलवे परिसरों में विशेष जागरूकता एवं निरीक्षण अभियान चलाया गया। रेलवे कर्मचारियों, हाउसकीपिंग स्टाफ, कैटरिंग विक्रेताओं तथा यात्रियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।इस दौरान रेलवे कॉलोनियों, कार्यालयों, डिपो एवं विभिन्न स्टेशनों पर गौरैया सहित अन्य पक्षियों के लिए मिट्टी के जलपात्र एवं घड़ों की व्यवस्था की गई। इस पहल का उद्देश्य भीषण गर्मी में पक्षियों को पेयजल उपलब्ध कराना तथा जैव विविधता संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा। रेलवे कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों को प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।अभियान के तहत निष्प्रयोज्य लिनेन से निर्मित पुनः उपयोग योग्य कपड़े के थैलों के प्रचार-प्रसार एवं वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। यात्रियों, कर्मचारियों एवं विक्रेताओं को प्लास्टिक कैरी बैग के स्थान पर कपड़े के थैलों के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया, जिससे पुनः उपयोग एवं पुनर्चक्रण की अवधारणा को बढ़ावा मिल सके।विभिन्न स्टेशनों पर स्थापित प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनों का निरीक्षण कर उनकी कार्यप्रणाली, स्वच्छता एवं रखरखाव की समीक्षा की गई। संबंधित कर्मचारियों को मशीनों के नियमित संचालन एवं प्लास्टिक अपशिष्ट के उचित निस्तारण के निर्देश दिए गए। साथ ही जल पुनर्भरण केंद्रों का निरीक्षण कर यात्रियों को पुनः उपयोग योग्य बोतलों के प्रयोग और जल पुनर्भरण के लिए प्रोत्साहित किया गया, ताकि एकल उपयोग प्लास्टिक बोतलों के उपयोग में कमी लाई जा सके।स्टेशन परिसरों में स्थित विक्रेता स्टॉल, कैटरिंग इकाइयों एवं रिफ्रेशमेंट रूमों का विशेष निरीक्षण करते हुए एकल उपयोग प्लास्टिक सामग्री के प्रयोग पर प्रतिबंध के अनुपालन की जांच की गई। विक्रेताओं एवं कर्मचारियों को प्लास्टिक अपशिष्ट के दुष्प्रभाव, उचित निस्तारण तथा पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के संबंध में जागरूक किया गया। इसके साथ ही दूध एवं डेयरी उत्पादों की पैकेजिंग थैलियों की आंशिक कटिंग के माध्यम से माइक्रोप्लास्टिक प्रदूषण कम करने के प्रति भी संवेदनशील बनाया गया।पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल का विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026 स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल रेलवे परिसर विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।