सूझबूझ से टला बड़ा हादसा: अलीगढ़ में ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट की इमरजेंसी लैंडिंग, सभी सुरक्षित

अलीगढ़। रविवार सुबह अलीगढ़ के थाना हरदुआगंज क्षेत्र स्थित गांव चंगेरी में उस समय हलचल मच गई, जब एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट को तकनीकी एवं आकस्मिक स्थिति के चलते खेत में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। हालांकि पायलट की सूझबूझ और प्रशासन की त्वरित सक्रियता के चलते बड़ा हादसा टल गया तथा किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार 24 मई को सुबह 09:48 बजे आरओआईपी सिस्टम के माध्यम से अग्निशमन केंद्र बन्नादेवी के कंट्रोल रूम को सूचना प्राप्त हुई कि गांव चंगेरी क्षेत्र में एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया है। सूचना मिलते ही फायर विभाग तत्काल हरकत में आ गया।

एफएसओ बन्नादेवी एवं एफएसएसओ तालानगरी के नेतृत्व में अग्निशमन केंद्र बन्नादेवी और तालानगरी से एक-एक फायर टेंडर तथा अग्निशमन केंद्र अतरौली से एक फायर टेंडर तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किए गए। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट गांव के पास एक खाली खेत में सुरक्षित खड़ा हुआ था। एयरक्राफ्ट में चालक और सह चालक दोनों मौजूद थे और पूरी तरह सुरक्षित थे।

चालक ने बताया कि एयरक्राफ्ट ने धनीपुर हवाई पट्टी से प्रशिक्षण उड़ान के लिए टेकऑफ किया था, लेकिन उड़ान के दौरान उत्पन्न हुई आकस्मिक स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। पायलट की तत्परता और कुशल निर्णय के कारण संभावित बड़ा हादसा टल गया।

घटनास्थल पर अग्निशमन एवं आपात सेवा अलीगढ़ की कुल तीन फायर यूनिटों ने मोर्चा संभाला। स्थिति सामान्य पाए जाने के बाद दो फायर यूनिटों को वापस भेज दिया गया, जबकि एहतियात के तौर पर एक यूनिट को मौके पर तैनात रखा गया।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी, सीएफओ मुकेश कुमार एवं स्थानीय पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गए और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली और पायलट की सूझबूझ के साथ-साथ फायर विभाग एवं प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।