स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए नई व्यवस्था, अब तय तारीखों पर जनपदवार जारी होंगे बिजली बिल

मुरादाबाद। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) ने स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए नई व्यवस्था लागू की है। अनुसार अब स्मार्ट मीटर लगे उपभोक्ताओं के बिजली बिल जनपदवार निर्धारित तिथियों पर जारी किए जाएंगे।

जारी सूचना के अनुसार मुरादाबाद जनपद के उपभोक्ताओं के बिल प्रत्येक माह की 5 तारीख, संभल के उपभोक्ताओं के बिल 7 तारीख तथा रामपुर के उपभोक्ताओं के बिल 8 तारीख को निर्गत किए जाएंगे।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिल जारी होने के बाद उपभोक्ताओं के पंजीकृत मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी पर बिल की जानकारी व्हाट्सएप एवं एसएमएस के माध्यम से भेजी जाएगी। वहीं, अब फिजिकल पेपर बिल उपलब्ध नहीं कराए जाएंगे।

यदि किसी उपभोक्ता को निर्धारित तिथि तक बिल प्राप्त नहीं होता है तो वह यूपीपीसीएल की आधिकारिक वेबसाइट, टोल फ्री नंबर 1912, व्हाट्सएप सेवा, यूपीपीसीएल स्मार्ट एप तथा कंज्यूमर एप के माध्यम से अपना बिल प्राप्त कर सकता है।

मुख्य अभियंता अशोक कुमार चौरसिया ने उपभोक्ताओं से निर्धारित समय पर बिजली बिल का भुगतान कर विभाग का सहयोग करने की अपील की है।