हरदोई में मैंगो जूस के पैसे मांगने पर ठेला संचालक पर हमला, दबंगों ने लाठी डंडों और ईंट से जमकर पीटा, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुटी

हरदोई। हरियावां थाना क्षेत्र में मैंगो जूस के पैसे मांगना एक ठेला संचालक को भारी पड़ गया। शाहपुर विनौरा गांव निवासी 50 वर्षीय खुशीराम कश्यप हरियावां बाजार में ठेले पर मैंगो जूस बेच रहे थे। आरोप है कि चार युवक जूस पीने के बाद बिना पैसे दिए वहां से जाने लगे। जब खुशीराम ने अपने रुपये मांगे तो युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उन्हें करीब 200 मीटर दूर ले जाकर बेरहमी से पीटा।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने खुशीराम पर डंडों, ईंटों और लात-घूंसों से हमला किया। इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी उन्हें मरणासन्न हालत में छोड़कर फरार हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में आक्रोश है।
हमले में खुशीराम के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। हालत बिगड़ने पर उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरियावां ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
पीड़ित के भतीजे रवि कश्यप ने बताया कि मामूली बात को लेकर आरोपियों ने जानलेवा हमला कर दिया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने सुल्ताना, डब्लू, सरमन जोशी समेत एक अज्ञात युवक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।