हरदोई में बाइक को लेकर भाइयों में विवाद, छोटे भाई ने खुद को लगाई आग, जलकर मौत

हरदोई। अतरौली थाना क्षेत्र के नरोइया गांव में बाइक को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने दर्दनाक रूप ले लिया। दो भाइयों के बीच मोटरसाइकिल चलाने को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद नाराज युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी निखिल पुत्र गंगाराम (18) का अपने बड़े भाई से मोटरसाइकिल को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि कहासुनी के दौरान मामला इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर निखिल ने खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया और आग लगा ली। आग की लपटों में घिरने के बावजूद वह काफी देर तक मौके पर मौजूद बाइक को पकड़े रहा। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाकर उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था।
सूचना मिलते ही अतरौली पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाल मनोज सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और युवक को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी भरावन भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीओ संडीला संतोष सिंह ने बताया कि 22 मई 2026 को ग्राम नरोइया में मोटरसाइकिल चलाने को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान निखिल ने स्वयं पर पेट्रोल डालकर आत्महत्या का प्रयास किया। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।