ऑपरेशन तलाश / मुस्कान अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का सम्मान

बैकुंठपुर। रवि कुमार कुर्रे ने ?ऑपरेशन तलाश / ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान समारोह बुधवार 20 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित किया गया। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर राज्यभर में 1 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक गुम इंसानों की सुरक्षित वापसी के लिए विशेष अभियान चलाया गया था। अभियान के दौरान जिला कोरिया पुलिस द्वारा विशेष टीम गठित कर विभिन्न राज्यों एवं जिलों में लगातार खोजबीन की गई, जिसके परिणामस्वरूप कुल 13 गुम इंसानों को सुरक्षित दस्तयाब किया गया। इनमें 3 नाबालिग बच्चे भी शामिल हैं। अभियान के दौरान सहायक उप निरीक्षक शैलेन्द्र त्रिपाठी, आरक्षक उज्जैन पुरी एवं महिला आरक्षक विनीता राज ने मध्यप्रदेश के ग्वालियर और शिवपुरी से 2 गुम इंसानों को दस्तयाब किया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। वहीं प्रधान आरक्षक सत्येंद्र तिवारी ने हैदराबाद, झारखंड तथा छत्तीसगढ़ के कोरिया, सरगुजा, बलरामपुर एवं सूरजपुर जिलों से 7 गुम इंसानों को सुरक्षित वापस लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनमें 2 नाबालिग बच्चे भी शामिल रहे। इसके अलावा महिला प्रधान आरक्षक सुनीता एक्का ने वीडियो कॉल एवं तकनीकी माध्यमों का उपयोग करते हुए बेंगलुरु, तमिलनाडु, झारखंड एवं हरियाणा से 4 गुम इंसानों को दस्तयाब कराने में अहम योगदान दिया। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि गुम व्यक्तियों को उनके परिवार से मिलाना केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि एक मानवीय सेवा भी है। जिला कोरिया पुलिस ने इस दायित्व को पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ निभाया है।