हरदोई में प्राण प्रतिष्ठा से लौट रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 15 लोग घायल, करीब 30 लोग सवार थे

हरदोई। हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। उन्नाव-कटरा मार्ग पर इकनौरा गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में महिलाएं और बच्चों समेत 15 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, रामपुर मजरा बरनई चतरखा गांव में नवनिर्मित शिव मंदिर में मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गांव के लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से शोभायात्रा में गए थे। सोमवार शाम श्रद्धालु वापस लौट रहे थे, तभी इकनौरा गांव स्थित एचपी गैस एजेंसी के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही हरपालपुर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया। ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 30 लोग सवार बताए जा रहे हैं।
घायलों में प्रियांशी, प्रियंका, नैंसी, रामप्यारी, योगेश, सुदामा, गौरव, मुस्कान, संध्या, शिवानी, वर्षा, प्रेमवती, ओमवती, रामदेवी और कामिनी शामिल हैं। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों का उपचार जारी है और अधिकांश की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक संदीप शुक्ला ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है। चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।