हरदोई पहुंचे सांसद दिनेश शर्मा, विपक्ष पर जमकर बरसे, बोले- जिन उद्योगपतियों पर आरोप लगाते हैं, उन्हीं के यहां गलबहियां करते हैं

हरदोई। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के उद्घाटन सत्र एवं प्रदर्शनी अवलोकन कार्यक्रम में पहुंचे राज्यसभा सांसद और पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। इस दौरान उन्होंने कई राष्ट्रीय और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
मौलाना साजिद रशीद के ?इस्लाम हिंदू धर्म से पहले? वाले बयान पर डॉ. शर्मा ने कहा कि भारत सभी धर्मों का सम्मान करने वाला देश है, लेकिन इतिहास बदला नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा को दुनिया के प्राचीनतम ग्रंथों में माना गया है, हालांकि वह इस विवाद में नहीं पड़ना चाहते कि कौन-सा धर्म पुराना है। उनके अनुसार सभी धर्मों का मूल मानवता है।
लखनऊ में वकीलों के चैंबर तोड़े जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार वकील समुदाय के हितों को लेकर गंभीर है और उनकी हर समस्या का समाधान किया जाएगा। उन्होंने वकीलों को समाज की रीढ़ बताया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचत और सोना कम खरीदने के आह्वान पर डॉ. शर्मा ने कहा कि यह देशहित से जुड़ा विषय है। भारत में सोने का भारी आयात विदेशी मुद्रा पर असर डालता है। उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुसार खरीदारी करनी चाहिए ताकि अर्थव्यवस्था मजबूत रहे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार सप्लाई चेन मजबूत करने और देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है।
अडानी-अंबानी को बढ़ावा देने के आरोपों पर उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन उद्योगपतियों के नाम लेकर आरोप लगाए जाते हैं, उन्हीं के यहां विपक्षी नेता निजी संबंध निभाते नजर आते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में ही सबसे ज्यादा उद्योगपति समृद्ध हुए।
उन्होंने कहा कि भाजपा का एक ही धर्म है ?राष्ट्रधर्म?, जबकि विपक्ष को अपने राजनीतिक उद्देश्य जनता के सामने स्पष्ट करने चाहिए।