हरदोई में संदिग्ध युवक ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या, मोहल्ले में मचा हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी

हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के आलूथोक उत्तरी मोहल्ले में शनिवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब गली में एक संदिग्ध युवक दिखाई देने पर लोगों ने शोर मचा दिया। मोहल्ले वालों के जागने पर युवक भागकर एक घर में घुस गया। कुछ देर बाद गोली चलने की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, रात करीब दो बजे संदिग्ध युवक को मोहल्ले में घूमते देख लोगों को शक हुआ। शोर मचने पर युवक भागते हुए नंद किशोर पुत्र रामलाल के घर में घुस गया। सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि पकड़े जाने के डर से युवक ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया और तमंचे से खुद को गोली मार ली।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त कराई। मृतक की पहचान नफेदार उर्फ कन्हैया पुत्र सर्वजीत, उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी ग्राम बरनई चतरखा थाना हरपालपुर जनपद हरदोई के रूप में हुई है।
एएसपी पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि फील्ड यूनिट द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। उच्चाधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण किया है।
घटना के बाद मोहल्ले में दहशत का माहौल है। पुलिस आत्महत्या के कारणों और युवक के वहां पहुंचने के संबंध में जांच कर रही है।