हरदोई में तेज रफ्तार बस ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत, पिता-पुत्री गंभीर घायल

हरदोई। लोनार थाना क्षेत्र के बावन कस्बे में आलोक पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि पिता-पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और सगाई की खुशियां मातम में बदल गईं।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को थाना बेहटा गोकुल क्षेत्र के फैजुल्लापुर निवासी श्यामू पुत्र छोटे (26) बाइक से शाहाबाद थाना क्षेत्र के हूंसेपुर निवासी मुकेश पुत्र कुंदन (40) और उनकी पुत्री ममता (22) को मुजाहिदपुर गांव में आयोजित सगाई समारोह में शामिल कराने लाया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद तीनों बाइक से वापस फैजुल्लापुर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी बाइक बावन स्थित आलोक पेट्रोल पंप के पास पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि श्यामू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मुकेश और उनकी पुत्री ममता गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों के अनुसार मुकेश की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि ममता का इलाज चल रहा है और उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।