हरदोई में स्कूल से घर लौट रही छात्रा को कार ने मारी टक्कर, मौके पर मौत, स्कूटी से घर जा रही थी

हरदोई। पिहानी थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूली छात्रा की मौत हो गई। छात्रा स्कूल से पढ़कर घर लौट रही थी, तभी तेज रफ्तार कार ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान कोमल पुत्री राजवीर निवासी हुल्लापुर मजरा सरेहजू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कोमल ताहिर पब्लिक स्कूल से पढ़ाई कर घर वापस जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में तेज गति से आ रही कार ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्रा ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना करने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।