एसपी हरी शंकर ने किए थानाधिकारियों के तबादले, विवादित राजेंद्र सिंह को हटाया, श्रीकरणपुर में सीर कौर को कमान

श्रीगंगानगर जिले में कानून व्यवस्था को और चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने बड़े स्तर पर फेरबदल किए हैं। एसपी ने कई थानों के थानाधिकारियों को बदल दिया है। लंबे समय से विवादों में घिरे रहे थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह को हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया है। वहीं श्रीकरणपुर में आईजी की नाराजगी के बाद थानाधिकारी रजीराम को हटाकर सीर कौर को नया एसएचओ लगाया गया है।

कहां किसे मिली जिम्मेदारी....

एसपी हरी शंकर द्वारा जारी आदेश के अनुसार सुनील खोड को हिंदुमलकोट थानाधिकारी नियुक्त किया गया है। पुरानी आबादी थाने की कमान रमेश न्यौल को सौंपी गई है। राजियासर थाना प्रभारी की जिम्मेदारी चंद्रभान को दी गई है। महिला थाना प्रभारी के पद पर कलावती चौधरी को लगाया गया है। घमूड़वाली थाने के एसएचओ रहे राजेंद्र को पुलिस लाइन भेजा गया है, जबकि प्रियंका को घमूड़वाली का नया थानाधिकारी बनाया गया है।

श्रीकरणपुर में बदलाव के मायने....

गौरतलब है कि गत दिनों बीकानेर संभाग आईजी ओमप्रकाश ने श्रीकरणपुर दौरे के दौरान थानाधिकारी रजीराम पर नाराजगी जताई थी। आईजी ने श्रीकरणपुर को हेरोइन तस्करी का हब बताते हुए थानाधिकारी को प्रत्येक मामले में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उसके बाद आज रजीराम को हटाकर सीर कौर को श्रीकरणपुर थाने की जिम्मेदारी देना बड़ा संदेश माना जा रहा है।

विवादित राजेंद्र सिंह पर गिरी गाज....

घमूड़वाली थाना एसएचओ राजेंद्र सिंह लंबे समय से विवादों में घिरे हुए थे। उन पर कार्यशैली को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। एसपी ने उन्हें हटाकर पुलिस लाइन में भेज दिया है। उनकी जगह महिला अधिकारी प्रियंका को घमूड़वाली थाने की कमान सौंपी गई है।

एसपी हरी शंकर ने कहा कि फेरबदल का उद्देश्य थानों में बेहतर पुलिसिंग और आमजन को त्वरित न्याय दिलाना है। सभी नए थानाधिकारियों को जनता से संवाद बढ़ाने और अपराध नियंत्रण पर फोकस करने के निर्देश दिए गए हैं।