खेरागढ़ में सघन चेकिंग अभियान, 120 वाहनों के कटे चालान

सुमित गर्ग संवाददाता,

खेरागढ़। यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से मंगलवार को खेरागढ़ पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 120 चालान किए गए।

अभियान के दौरान पुलिस ने विशेष रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर, तीन सवारी और बिना लाइसेंस वाहन चलाने वालों पर शिकंजा कसा। जगह-जगह चल रही चेकिंग से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। कई लोगों को मौके पर ही सख्त चेतावनी देकर भविष्य में नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।

इस दौरान पुलिस की क्रिटिकल केयर टीम भी पूरी तरह सक्रिय रही। टीम ने वाहनों में लगे प्रेशर हॉर्न और अतिरिक्त लाइट्स को हटवाते हुए चालान की कार्रवाई की, जिससे सड़कों पर अनावश्यक शोर और संभावित हादसों के खतरे को कम किया जा सके।

अभियान में शामिल टीम:

उपनिरीक्षक अजय कुमार सरोज, उपनिरीक्षक आनंद यादव, हेड कांस्टेबल अतुल तोमर, कांस्टेबल अंकित राठी मय रिक्रूट आरक्षी पुलिस बल मौजूद रहा।

थाना प्रभारी हरीश कुमार शर्मा ने बताया कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने आमजन से अपील की कि वाहन चलाते समय सीट बेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा सभी यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।