मातम में बदली शादी की खुशियां: खरीदारी कर लौट रहे परिवार का एक्सीडेंट, जीजा की मौत, 6 घायल, पुलिस पर गंभीर आरोप

श्रीगंगानगर के श्रीकरणपुर क्षेत्र में मंगलवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। तीन दिन बाद दूल्हा बनने वाले युवक के परिवार से भरा ई-रिक्शा साईड में खड़े ट्रॉले से टकरा गया। हादसे में दूल्हे के जीजा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि परिवार के करीब 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस और 108 एंबुलेंस के समय पर न पहुंचने से लोगों में भारी आक्रोश है।

शादी का सामान लेकर लौट रहे थे....

जानकारी के अनुसार गांव 3 ओ निवासी सुनील नायक की तीन दिन बाद शादी है। मंगलवार को सुनील का परिवार शादी की खरीदारी करने श्रीकरणपुर आया था। खरीदारी कर ई-रिक्शा में सवार होकर सभी घर लौट रहे थे। इसी दौरान श्रीकरणपुर के गांव 46 एफ मोडां के पास साईड में खड़े ट्रॉले के पीछे ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर जा टकराया।

जीजा की मौत, दूल्हा समेत 6 घायल....

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए। हादसे में सुनील के जीजा घड़साना निवासी प्रवीण कुमार उर्फ प्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। सुनील समेत परिवार के करीब 6 सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।

मीडिया कर्मी बने फरिश्ता, पुलिस पर लगे आरोप....

हादसे के बाद प्रत्यक्षदर्शियों ने बार-बार पुलिस और 108 एंबुलेंस को फोन किया लेकिन कोई मदद नहीं पहुंची। आरोप है कि हादसा स्थल पुलिस थाने से महज डेढ़ से दो किलोमीटर दूर था फिर भी पुलिस को पहुंचने में करीब डेढ़ घंटा लग गया। 108 एंबुलेंस भी मौके पर नहीं पहुंची। घायल करीब आधा दर्जन लोग सड़क पर तड़पते रहे और मृतक प्रवीण का शव क्षत विक्षिप्त हालत में हादसा स्थल पर पड़ा रहा।

इसी दौरान मौके पर पहुंचे मीडिया कर्मी तरसेम गरुड़ा ने मानवता दिखाई। उन्होंने अपनी कार से सभी घायलों को श्रीकरणपुर के राजकीय अस्पताल पहुंचाया जहां उनका इलाज जारी है। तरसेम के इस सामाजिक सरोकार की हर तरफ सराहना हो रही है।

पुलिस की संवेदनहीनता पर फूटा गुस्सा....

घटना के बाद लोगों में पुलिस की संवेदनहीनता को लेकर भारी आक्रोश है। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि समय पर मदद मिल जाती तो शायद जान बच सकती थी। लोगों ने पुलिस के रवैये पर गंभीर सवाल उठाए हैं। फिलहाल पुलिस ने घटना स्थल पहुंच कर मौका मुआयना करने के बाद जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद ई-रिक्शा चालक मौके से फरार हो गया।