ऑपरेशन गरिमा पखवाड़ा: छेड़छाड़ पर सख्ती, जागरूकता से सुरक्षा, पुलिस का व्यापक अभियान

श्रीगंगानगर पुलिस अधीक्षक हरी शंकर के आदेशानुसार एवं SIUCAW नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीलम चौधरी, तथा सुपरवीजन अधिकारी पुलिस निरीक्षक सीर कौर के निर्देशन में ?ऑपरेशन गरिमा पखवाड़ा? के अंतर्गत शहर में प्रभावी कार्रवाई एवं व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान प्रभारी सुखदेव सिंह के नेतृत्व में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट एवं एंटी रोमियो स्क्वायड द्वारा लगातार डिकॉय ऑपरेशन संचालित किए जा रहे है। गश्त एवं निगरानी के दौरान कुछ नवयुवकों को सार्वजनिक स्थानों पर छींटाकशी एवं अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए पाए जाने पर टीम द्वारा उन्हें कड़ी समझाइश दी गई तथा भविष्य में ऐसी हरकत न करने के लिये सख्त चेतावनी देकर छोड़ा गया।

इसी क्रम में बस स्टैंड क्षेत्र, नेहरू पार्क क्षेत्र एवं गोदारा कॉलेज के आसपास आवारा घूम रहे बाइक सवारों को रोककर उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की गई जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था एवं अनुशासन को और सुदृढ़ किया गया।

साथ ही गुरुनानक कॉलेज व स्कूल में छात्र-छात्राओं के लिए महिला सुरक्षा एवं जागरूकता विषय पर सेमिनार आयोजित किया गया। कालिका टीम की महिला कर्मी प्रियंका द्वारा विद्यार्थियों को कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया।

प्रभारी सुखदेव सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के साथ-साथ सुरक्षा के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक स्थानों विशेषकर बसों एवं रास्तों में होने वाली छींटाकशी का विरोध करें व किसी भी प्रकार के ?बैड टच? पर तुरंत प्रतिक्रिया दें तथा किसी भी अनजान व्यक्ति से खाद्य पदार्थ स्वीकार न करें।

इसके अतिरिक्त साइबर अपराधों से बचाव के लिये राजकॉप सिटीजन ऐप, आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112, 1090 एवं 181 की जानकारी विस्तार से दी गई। वर्तमान बदलते परिवेश में जागरूक रहने की आवश्यकता पर बल देते हुए यह भी बताया गया कि जहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) उपयोगी है वहीं असावधानी बरतने पर इसके दुष्परिणाम भी सामने आ सकते है।

इस अभियान के माध्यम से पुलिस द्वारा आमजन, विशेषकर छात्र-छात्राओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ महिला सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।