खोए मोबाइल पाकर खिले चेहरे, कासगंज पुलिस ने 26 लाख के 75 फोन ढूंढकर लौटाए

कासगंज। जिले की साइबर सेल पुलिस ने गुम हुए 75 मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। इन फोन की अनुमानित कीमत 26 लाख रुपये बताई जा रही है। सबसे अहम बात यह रही कि ये फोन सिर्फ उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश जैसे दूसरे राज्यों से भी बरामद किए गए। बरामदगी के बाद पुलिस ने सभी फोन उनके असली मालिकों को सौंप दिए।

जानकारी के मुताबिक पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के निर्देशन में गुम मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इस अभियान की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार कर रहे थे जबकि नेतृत्व क्षेत्राधिकारी साइबर अपराध अमित कुमार के हाथों में था। साइबर सेल की टीम के साथ ही विभिन्न थानों में तैनात सीसीटीएनएस कर्मियों को भी इस काम में लगाया गया था।

टीम ने सीईआईआर पोर्टल की तकनीकी मदद से इन गुम मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस की। लोकेशन मिलने के बाद अलग-अलग राज्यों के भिन्न-भिन्न शहरों से इन एंड्रॉयड मोबाइल फोन को बरामद किया गया।

अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर मालिकों के चेहरे खुशी से खिल उठे। लोगों ने राहत की सांस ली और कासगंज पुलिस के इस प्रयास के लिए टीम को धन्यवाद दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गुम मोबाइल बरामदगी का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

इस पूरे ऑपरेशन को अंजाम देने में साइबर सेल के उपनिरीक्षक राजकुमार वर्मा, उपनिरीक्षक शशिकांत सिंह, हैड कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह, कांस्टेबल शैलेन्द्र सिंह, कांस्टेबल स्वप्निल सिवाच, कांस्टेबल विजन कुमार और कांस्टेबल विवेक कुमार की अहम भूमिका रही।

---