जमीनी विवाद में भाई ने की बहन की हत्या, इलाके में सनसनी

श्रीगंगानगर जिले के रावला थाना क्षेत्र के चक 8 डीओएल ढाणी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां जमीनी विवाद के चलते छोटे भाई ने अपनी ही बड़ी बहन की हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई वहीं पुलिस ने आरोपी को राउंडअप कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी अनुसार मृतका मंजू रावला मंडी में किराए के मकान में रहकर एक निजी कंपनी के अधीन विद्युत विभाग में कार्यरत थी। रविवार को वह अपनी पैतृक ढाणी में मौजूद थी जबकि उनकी मां किसी शादी समारोह में गई हुई थी। घर में उस समय केवल भाई-बहन ही मौजूद थे।

बताया जा रहा है कि मंजू सात भाई-बहनों में छठे नंबर पर थी जबकि आरोपी भाई पवन उर्फ सुरेंद्र (25 वर्ष) सबसे छोटा है। दोनों ही अविवाहित थे। आरोपी पवन उर्फ सुरेंद्र एक निजी स्कूल में अध्यापन कार्य करता है और साथ ही बीएसटीसी का छात्र भी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पिता के नाम 11 बीघा जमीन को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपी ने अपनी बहन की हत्या कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही रावला थाना के कार्यवाहक थाना अधिकारी गिरधारी सिंह, एएसआई सुरेश कुमार सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। बाद में अनूपगढ़ पुलिस उप अधीक्षक प्रशांत कौशिक ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।

पुलिस ने शव को रावला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया है और आरोपी भाई को हिरासत में लेकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।