अक्षय तृतीया पर चंदौली में भगवान परशुराम का भव्य जन्मोत्सव, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल

चंदौली। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर रविवार को जिला मुख्यालय स्थित माँ शारदा लॉन में भगवान परशुराम सेवा समिति के तत्वावधान में भगवान परशुराम का भव्य जन्मोत्सव समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विप्र समाज के हजारों लोग शामिल हुए। दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचे, जिससे आयोजन स्थल पूरी तरह श्रद्धालुओं से भर गया।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान परशुराम की विधिवत अर्चना एवं पूजन से हुई। समिति के पदाधिकारियों द्वारा वैदिक ब्राह्मणों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-यज्ञ संपन्न कराया गया। यज्ञ के दौरान विश्व कल्याण और समाज में शांति-सौहार्द की कामना की गई। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण आध्यात्मिकता और भक्ति से ओत-प्रोत रहा।

श्रद्धालुओं ने भगवान परशुराम को पुष्पांजलि अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में भगवान परशुराम के चित्र अंकित पट्टक, तिलक और यज्ञोपवीत भी श्रद्धालुओं को वितरित किए गए। इस अवसर पर आयोजित भजन संध्या में कलाकारों ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। देर शाम तक चले इस कार्यक्रम में श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर रहे।

आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल और प्रसाद की समुचित व्यवस्था की गई थी। समिति के स्वयंसेवक पूरे समय व्यवस्था संभालते नजर आए, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम की कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सराहना करते हुए इसे समाज को जोड़ने वाला आयोजन बताया।

समिति के पदाधिकारियों ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में और भी वृहद स्तर पर आयोजन करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष सत्यमूर्ति ओझा, उपाध्यक्ष नन्द शंकर पाठक एवं नारायण तिवारी, सचिव पंकज पाण्डेय, विस्तारक जीतेन्द्र तिवारी, कोषाध्यक्ष अनूप तिवारी, मीडिया प्रभारी आनन्द उपाध्याय, डॉ. शशिकांत मिश्र, शिवम दूबे, अशोक मिश्र, अजय मिश्र, मिथिलेश पाण्डेय, डॉ. के.एन. पाण्डेय, जिला पंचायत सदस्य संजय पाण्डेय, जीतेन्द्र पाण्डेय, आशुतोष तिवारी, रवि तिवारी, अनिल पाण्डेय, भावेश त्रिपाठी, विनय प्रकाश तिवारी, श्रीराम द्विवेदी, नीरज तिवारी, धीरज चौबे समेत हजारों लोग उपस्थित रहे।