श्रीगंगानगर में लालगढ़ जाटान के पास केमिकल ट्रकों में भीषण आग, मचा हड़कंप

श्रीगंगानगर के लालगढ़ जाटान के नजदीक बंद पड़े ईंट भट्टे के पीछे संचालित एक कंपनी में सोमवार को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार एपी बिल्डर के नाम से चल रही इस कंपनी में केमिकल से भरे ट्रकों में आग भड़क उठी।

देखते ही देखते फैल गई आग....

एक ट्रक में लगी आग ने तेजी से दूसरे ट्रकों को भी अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर खड़े केमिकल से भरे ट्रकों में आग फैलने का बड़ा खतरा बन गया, जिससे हादसा और गंभीर हो सकता था।

दमकल विभाग की कड़ी मशक्कत....

आग बुझाने के लिए 24 FFD की दमकल टीमें मौके पर पहुंचीं, साथ ही श्रीगंगानगर से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गईं। लगातार प्रयास के बावजूद आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है।

मौके पर पहुंचा प्रशासन....

लालगढ़ पुलिस और आर्मी इंटेलिजेंस की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

किसानों ने लगाए गंभीर आरोप....

मौके पर मौजूद किसान ओमप्रकाश भादू ने बताया कि कंपनी का काम पक्की फसलों के पास चल रहा था और घटना के समय कोई जिम्मेदार कर्मचारी मौजूद नहीं था।

उन्होंने कहा कि यदि जेसीबी चालक मौके पर होता तो ट्रकों को हटाकर नुकसान कम किया जा सकता था।

लापरवाही आई सामने....

बताया जा रहा है कि बंद पड़े ईंट भट्टे के पीछे यह कंपनी बिना उचित निगरानी के काम कर रही थी। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होने से आग ने विकराल रूप ले लिया।

स्थिति अभी भी चिंताजनक....

आग पर अभी पूरी तरह काबू नहीं पाया गया है और किसी भी समय यह और भयानक रूप ले सकती है।

गनीमत रही कि अब तक किसी जनहानि की खबर नहीं है, लेकिन इस घटना ने प्रशासन और कंपनी की कार्यशैली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।