टोल प्लाजा विवाद गहराया, संघर्ष समिति संयोजक की गिरफ्तार, विधायक कुन्नर ने संभाला मोर्चा, रात को भी धरना जारी

श्रीगंगानगर में पदमपुर का 18BB टोल प्लाजा अब सिर्फ एक टोल नहीं बल्कि जनता बनाम सिस्टम की सीधी टक्कर का मैदान बन चुका है। पिछले कई दिनों से सुलग रहा विरोध आज टोल हटाओ संघर्ष समिति संयोजक किसान नेता सुखवीर सिंह फौजी की गिरफ्तारी के बाद भड़क उठा है जब खुद कांग्रेस जिलाध्यक्ष विधायक रूपिन्द्र सिंह रूबी कुन्नर ने मोर्चा संभालते हुए धरने पर बैठकर प्रशासन को सीधी चुनौती दे दी।

गद्दे बिछाकर सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता विधायक के साथ धरने पर डटे हैं। यह दृश्य साफ संकेत दे रहा है कि अब यह आंदोलन शांत नहीं रहने वाला बल्कि निर्णायक लड़ाई की ओर बढ़ चुका है। टोल हटाने की मांग अब जनआंदोलन का रूप ले चुकी है।

पदमपुर-श्रीगंगानगर स्टेट हाईवे नंबर 3 टोल प्लाजा 18BB पर हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। किसी भी टकराव की आशंका को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है लेकिन धरने पर बैठे लोगों के तेवर साफ बता रहे हैं कि वे पीछे हटने के मूड में नहीं हैं।

स्थानीय लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आ चुका है। उनका कहना है कि जब तक टोल नाका हटाया नहीं जाता, तब तक यह आंदोलन थमने वाला नहीं है। विधायक के धरने में कूदने से यह मुद्दा अब सियासी विस्फोट बन चुका है, जिसकी गूंज पूरे राजस्थान में सुनाई दे रही है।