ऑपरेशन ‘सिंदूर’ में उत्कृष्ट योगदान पर रेलवे अधिकारी लोकेश कुमार सिंह सम्मानित

जोधपुर। ऑपरेशन ?सिंदूर? के दौरान रक्षा मंत्रालय को दिए गए उत्कृष्ट सहयोग के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में कार्यरत वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (सीनियर डीओएम) लोकेश कुमार सिंह को रेलवे बोर्ड द्वारा प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया है। रेलवे बोर्ड की ओर से जारी प्रशंसा प्रमाण पत्र में उनके योगदान को अनुकरणीय बताया गया है।

जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि ऑपरेशन ?सिंदूर? के दौरान भारतीय रेल ने असाधारण प्रतिबद्धता, बेहतर समन्वय और उच्च स्तरीय व्यावसायिकता का परिचय देते हुए समयबद्ध ट्रेन संचालन सुनिश्चित किया। इस महत्वपूर्ण कार्य में सीनियर डीओएम लोकेश कुमार सिंह की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही, जिन्होंने संचालन व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संभालते हुए ऑपरेशन की सफलता में अहम योगदान दिया।

शुक्रवार को मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने लोकेश कुमार सिंह को यह प्रशंसा पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव भी उपस्थित रहे।

रेलवे प्रशासन के अनुसार लोकेश कुमार सिंह को राष्ट्रीय हित में उत्कृष्ट प्रदर्शन, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के लिए यह सम्मान दिया गया है। यह प्रशंसा प्रमाण पत्र रेलवे बोर्ड के सदस्य (संचालन एवं व्यवसाय विकास) हरि शंकर वर्मा द्वारा जारी किया गया।

इस उपलब्धि पर मंडल रेल प्रबंधक सहित जोधपुर मंडल के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोकेश कुमार सिंह को बधाई दी और उनके योगदान की सराहना की।