घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पर रसद विभाग की कार्रवाई

वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय गैस आपूर्ति श्रृंखला पर प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन श्रीगंगानगर द्वारा एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने एवं कालाबाजारी रोकने के लिये सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव के निर्देशानुसार जिला रसद अधिकारी के नेतृत्व में विशेष प्रवर्तन जांच दल जिला सतर्कता यूनिट द्वारा आज मंगलवार को श्रीकरणपुर एवं गजसिंहपुर क्षेत्र में व्यापक जांच अभियान चलाया गया।

रसद अधिकारी कविता सिहाग ने बताया कि अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच करते हुए कुल 8 जगह कार्रवाई की गई। इनमें 12 घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों का दुरुपयोग पाया गया।

कार्रवाई के तहत राधे लाइट हाउस, पंजाबी ढाबा व आशीष होटल श्रीकरणपुर, पोपी जर्मनी वाला ढाबा जोरावरसिंहपुर एंव यश किरयाणा स्टोर, गर्गवाल रेस्टोरेंट, गैलेक्सी कैफे तथा यशस्वी टी एंड ब्रेकफास्ट गजसिंहपुर से सिलेंडर जब्त किए गए।

जिला रसद विभाग के अनुसार सभी तेल कंपनियों की आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित है। उपभोक्ता अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर के माध्यम से नियमानुसार शहरी क्षेत्रों में 25 दिन एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के बाद गैस बुकिंग करवा सकते हैं।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि अवैध रिफिलिंग, भंडारण, उच्च दामों पर बिक्री एवं कालाबाजारी जैसी गतिविधियों की सूचना कंट्रोल रूम के नंबरों 8560970007, 9672902929, 7568583037, टोल फ्री नंबर 181 अथवा उपभोक्ता हेल्पलाइन नंबर 14435 पर दें ताकि प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।