सोलर पैनल चोरी का खुलासा: 3 आरोपी गिरफ्तार, एक बाल अपचारी अभिरक्षा में 

सोलर पैनल चोरी का खुलासा: 3 आरोपी गिरफ्तार, एक बाल अपचारी अभिरक्षा में


धानापुर (चंदौली)। जनपद चंदौली के धानापुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए जल निगम की टंकी से हुए सोलर पैनल चोरी कांड का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।


पुलिस के अनुसार थाना धानापुर क्षेत्र के तोरवां गांव में स्थित जल निगम की टंकी से 11 फरवरी 2026 को 10 सोलर पैनल चोरी हो गए थे। इस संबंध में वादी शुभम कुमार उपाध्याय की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम द्वारा लगातार जांच की जा रही थी।


जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और स्थानीय स्तर पर पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसी क्रम में 6 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने मेढ़वा गांव के पास गंगा नदी किनारे से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया गया।


गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी के 10 सोलर पैनल, 4 मोबाइल फोन और 1800 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने सोलर पैनल को सस्ते दाम में बेचने के उद्देश्य से योजनाबद्ध तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।


पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अजय यादव ने अपने बहनोई प्रमोद यादव को सस्ते दाम पर सोलर पैनल दिलाने का लालच दिया था। इसके बाद अन्य साथियों के साथ मिलकर पानी की टंकी से पैनल खोलकर चोरी कर लिए गए और उन्हें एक अर्धनिर्मित मकान में छिपा दिया गया। बाद में इन्हें गंगा नदी के रास्ते नाव से पार ले जाकर बेचने की योजना बनाई गई थी, लेकिन पुलिस कार्रवाई के चलते यह योजना विफल हो गई।


पुलिस ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई जारी है और फरार आरोपी की तलाश भी की जा रही है।
इस सफलता पर स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा।