छोटे से गाँव के बेटे ने रचा इतिहास, “ऑफलाइन” फिल्म रिलीज पर क्षेत्र में जश्न का माहौल 

श्रीगंगानगर जिले के उपखण्ड रायसिंहनगर के छोटे से गांव 82 आरबी से निकलकर फिल्मी दुनिया में अपनी पहचान बना रहे युवा कलाकार आर्यन बिश्नोई ने अपने पहले ही कदम में बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। उनकी डेब्यू फिल्म ऑफलाइन के रिलीज होते ही पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल बन गया है।
3 अप्रैल 2026 को हनुमानगढ़ के एवीएस सिनेमा में फिल्म का पहला शो प्रदर्शित किया गया जहां दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। इस खास मौके पर आर्यन के पिता आत्माराम बिश्नोई अपने परिवार के साथ सिनेमा हॉल पहुंचे और बेटे की सफलता को गर्व के साथ देखा। परिवार की खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था।
आर्यन बिश्नोई ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा अपने पिता के विद्यालय बी.आर. मॉडल उच्च माध्यमिक विद्यालय 82 आरबी से प्राप्त की। बचपन से ही अभिनय के प्रति जुनून रखने वाले आर्यन ने अपनी मेहनत, लगन और संघर्ष के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। फिल्म का निर्देशन विजय सुथार ने किया है। ऑफलाइन केवल मनोरंजन ही नहीं बल्कि समाज को एक मजबूत संदेश भी देती है। यह फिल्म महिला आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) को बढ़ावा देने पर आधारित है जो आज के समय में बेहद महत्वपूर्ण विषय है।
फिल्म को उस समय और भी खास पहचान मिली जब इसके पोस्टर का विमोचन राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और शिव विधानसभा से विधायक रविंद्र सिंह भाटी द्वारा किया गया।
गांव और आसपास के क्षेत्रों में आर्यन की इस उपलब्धि को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने इसे पूरे समाज का गौरव बताते हुए आर्यन को ढेरों शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
छोटे से गांव से बड़े पर्दे तक पहुंचने की यह प्रेरणादायक कहानी आज के युवाओं के लिए एक मिसाल बन चुकी है?कि अगर हौसले बुलंद हों तो कोई भी सपना साकार होना दूर नहीं होता।